बिलासपुर : CG CRIME : न्यायधानी में चोरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सिविल लाइन के बाद अब चोरों ने चकरभाठा इलाके में पुलिस को खुली चुनौती दी है। इंदु इमैजिका कॉलोनी में एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने बिहार गया था, इसी बीच चोरों ने सूने मकान के ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी।
सूने मकान कीरेकी और लाखों की चोरी
चकरभाठा थाना क्षेत्र के इंदु इमैजिका कॉलोनी निवासी यशवंत सिंह (मकान नंबर 222) अपने परिवार के साथ बिहार गए हुए थे। घर में ताला लगा देख चोरों ने इसे सुनहरा मौका समझा। शातिर बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़े ही इत्मीनान से अलमारी को तोड़ा और उसमें रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए।
लौटने पर उड़े परिवार के होश
यशवंत सिंह जब परिवार के साथ वापस लौटे, तो घर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खाली थी। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना चकरभाठा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन के बाद अब चकरभाठा टारगेट पर
शहर में चोरी की वारदातों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। हाल ही में सिविल लाइन जैसे पॉश इलाके में हुई बड़ी चोरी की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि अब चकरभाठा की इस घटना ने पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें न तो खाकी का खौफ है और न ही सीसीटीवी कैमरों का डर।
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, तलाश तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस के हाथ कुछ अहम फुटेज लगे हैं, जिसमें संदिग्ध बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर हुलिया मिलान कर रही है और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है।
दहशत में कॉलोनी के लोग
लगातार हो रही इन वारदातों से इंदु इमैजिका कॉलोनी और आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने गश्त नहीं बढ़ाई, तो आम आदमी का घर छोड़कर जाना मुश्किल हो जाएगा। अब देखना होगा कि पुलिस इस गिरोह को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।








