छत्तीसगढ़ के श्रम विभाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में 'ई-श्रम साथी' (eShram Sathi) मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इस क्रांतिकारी पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के निर्माण श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें रोजगार के सुलभ अवसर प्रदान करना है। "निर्माण श्रमिक न हों हताश, ई-श्रम साथी ऐप में करें काम की तलाश" के संकल्प के साथ शुरू की गई यह सेवा श्रमिकों के जीवन में एक नया सवेरा लेकर आई है।
यह ऐप विशेष रूप से उन कुशल श्रमिकों के लिए तैयार किया गया है जो अपनी दक्षता के अनुरूप काम की तलाश में भटकते हैं। अब श्रमिक इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिना किसी बिचौलिए के सीधे नियोक्ताओं से जुड़ सकेंगे और अपने निवास स्थान के पास ही उपलब्ध कार्यों की त्वरित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। ऐप पर पंजीकरण की प्रक्रिया को अत्यंत सरल और पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, ताकि कम पढ़े-लिखे श्रमिक भी आसानी से अपना डेटा दर्ज कर अपनी पसंद का काम चुन सकें।
रोजगार के साथ-साथ यह ऐप श्रमिकों के लिए शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के सेतु के रूप में भी कार्य करेगा। इसके जरिए पंजीकृत श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी मिलेगी और वे सीधे लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह डिजिटल सौगात न केवल श्रमिकों के कौशल को सही मंच प्रदान करेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ के श्रम बाजार में पारदर्शिता और गतिशीलता भी सुनिश्चित करेगी।








