CG News : भिलाई में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ बीआरपी चौक स्थित मरोदा पुल से एक युवक ने करीब 45 फीट की ऊंचाई से नीचे छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। नीचे मौजूद लोगों ने जब युवक को लहूलुहान हालत में देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिलहाल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र अंतर्गत महुवारी मरोदा की है। सुबह करीब 8 बजे, जब सड़कों पर आवाजाही शुरू ही हुई थी, तभी एक युवक मरोदा पुल की रेलिंग पार कर नीचे कूद गया। युवक को गिरता देख आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल डायल 112 को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए रवाना किया।
घायल युवक की पहचान 32 वर्षीय कविश तारक के रूप में हुई है, जो मन्नम नगर धनोरा का निवासी है। शुरुआती जांच और पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। संभवतः इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
युवक को तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसके उपचार में जुटी है। नेवई थाना पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दे दी है। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया और इसके पीछे की असली वजह क्या है, यह पुलिस जांच और युवक के बयान के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।








