Breaking

CG Suspended : गरियाबंद अश्लील डांस मामला; कार्यक्रम की अनुमति देना पड़ा भारी, डिप्टी कलेक्टर सस्पेंड

Chhattisgarh RRT News Desk 16 January 2026

post

रायपुर। CG Suspended : छत्तीसगढ़ शासन ने गरियाबंद जिले के डिप्टी कलेक्टर तुलसीदास मरकाम (रा.प्र.से.) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उस्माल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य और आपत्तिजनक गतिविधियों के सामने आने के बाद की गई है।

Advertisement


जांच में सामने आया है कि 05 जनवरी से 10 जनवरी 2026 के बीच आयोजित तथाकथित “ओपेरा (नृत्य, नाटक, संगीत)” कार्यक्रम के लिए नियमों को ताक पर रखकर अनुमति दी गई थी। कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य प्रस्तुत किए गए और 09 जनवरी 2026 की रात स्वयं डिप्टी कलेक्टर की मौजूदगी भी जांच में प्रमाणित हुई है।


इस कार्यक्रम से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जबकि तस्वीरें अखबारों में भी प्रकाशित हुईं। इसके बावजूद कार्यक्रम को रोकने या आपत्तिजनक गतिविधियों पर कार्रवाई नहीं की गई, जो गंभीर लापरवाही मानी गई।


अपर कलेक्टर, गरियाबंद द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि कार्यक्रम की अनुमति छत्तीसगढ़ शासन के नियमों के विरुद्ध दी गई थी। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन माना गया। कलेक्टर द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को भी असंतोषजनक पाया गया।


इन तथ्यों के आधार पर आयुक्त, रायपुर संभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत डिप्टी कलेक्टर तुलसीदास मरकाम को निलंबित करने का आदेश जारी किया है।


निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला कार्यालय बलौदाबाजार-भाटापारा निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

You might also like!