Breaking

सरकारी नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले शिक्षक और क्लर्क गिरफ्तार, फर्जी नियुक्ति पत्र से फंसाते थे जाल में

Chhattisgarh RRT News Desk 05 May 2026

post

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राखी थाना पुलिस ने सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) मंत्रालय, नवा रायपुर में विभिन्न सरकारी पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शिक्षक और क्लर्क को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान डोंगरगढ़ निवासी राजेश शर्मा उर्फ राजू (53 वर्ष, शिक्षक) और मनोज कुमार श्रीवास्तव (52 वर्ष, क्लर्क) के रूप में हुई है। इन आरोपियों ने सोशल मीडिया पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव और उप सचिव के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर वाले नियुक्ति पत्र प्रसारित किए थे, जिसके जरिए वे भोले-भाले युवाओं को अपना शिकार बनाते थे।

Advertisement

इस हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब सामान्य प्रशासन विभाग के प्रार्थी राजपाल बघेल ने 24 अप्रैल 2026 को थाने में इस फर्जी नियुक्ति आदेश के सोशल मीडिया पर वायरल होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के जरिए डोंगरगढ़ में दबिश देकर मुख्य आरोपी राजेश शर्मा को हिरासत में लिया, जिसके बाद इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि कर्ज के बोझ से उबरने और जल्द अमीर बनने के लिए उन्होंने कंप्यूटर के माध्यम से विभाग के फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए थे। उन्होंने परिवहन, राजस्व, वन, पंचायत और स्कूल शिक्षा विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर लगभग 36 लोगों से करोड़ों रुपये ऐठे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर सेट और प्रिंटर जब्त कर लिया है और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

You might also like!