छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ 'अभियान तीन' के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-4 के पास से पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मिल्क शेक की बोतलों में हेरोइन छिपाकर खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 97 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी बाजार में अच्छी-खासी कीमत आंकी जा रही है।
गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में पंजाब और छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी शामिल हैं, जो एक संगठित गिरोह के रूप में नशे का काला कारोबार कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से न केवल नशीला पदार्थ, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक कार, एक्टिवा, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 5.38 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। पकड़े गए आरोपियों में पंजाब के तस्करों की मौजूदगी यह संकेत देती है कि नशे के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए हैं।
बिलासपुर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगना और नशे की इस खेप के स्रोत (Source) का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस मामले में आगे कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है।








