रायपुर (छत्तीसगढ़): राजधानी रायपुर में आयोजित गेट (GATE) 2026 परीक्षा में नकल के एक ऐसे तरीके का खुलासा हुआ है जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। परीक्षा केंद्र 'iON डिजिटल जोन' से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक चाय-नाश्ते के ठेले को नकल माफियाओं ने अपना हाईटेक कंट्रोल रूम बना लिया था। पुलिस ने इस मामले में फिट इंडिया के ब्रांड एंबेसडर और माउंट एवरेस्ट रिकॉर्डधारी नरेंद्र कुमार सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस गिरोह का काम करने का तरीका बेहद शातिराना था। गिरोह का एक सदस्य, दर्शन सहवाग, चाय के ठेले पर एक सामान्य ग्राहक की तरह बैठकर मोबाइल और डिवाइस के जरिए केंद्र के अंदर बैठे परीक्षार्थियों से संपर्क में था। दूरी कम होने के कारण ब्लूटूथ कनेक्टिविटी काफी मजबूत थी। जैसे ही प्रश्न बाहर पहुँचते, बाहर बैठी टीम गूगल और अन्य स्रोतों से उत्तर ढूंढकर सीधे परीक्षार्थियों के सूक्ष्म ईयरपीस (Earpiece) पर बोल देती थी।
हैरानी की बात यह है कि नकल करने वाले अभ्यर्थी बीटेक डिग्रीधारी इंजीनियर थे, जबकि बाहर बैठकर उन्हें 'गाइड' करने वाला मास्टरमाइंड केवल 10वीं पास है। पुलिस जांच में पता चला है कि इस हाईटेक नकल के लिए इस्तेमाल किए गए विशेष उपकरण दिल्ली के प्रसिद्ध गफ्फार मार्केट से खरीदे गए थे। इन उपकरणों को जूतों और कपड़ों में छिपाकर केंद्र के भीतर ले जाया गया था।
रायपुर पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट के आधार पर जांच तेज कर दी है। इस मामले के तार हरियाणा से भी जुड़े होने की पुष्टि हुई है। इस घटना ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सुरक्षा और जैमर्स की प्रभावशीलता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

.webp)






