Breaking

IIIT रायपुर हॉस्टल में बड़ी चोरी: सेमेस्टर परीक्षा के दौरान 15 से ज्यादा लैपटॉप पार, सुरक्षा पर उठे सवाल

Chhattisgarh RRT News Desk 12 May 2026

post

नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT-NR) में सोमवार को चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस समय छात्र सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए अपने कमरों से बाहर थे, उसी दौरान एक अज्ञात युवक हॉस्टल परिसर में दाखिल हुआ। मौका पाकर आरोपी ने सूने कमरों से एक-एक कर 15 से अधिक महंगे लैपटॉप और अन्य सामान समेटे और फरार हो गया। परीक्षा देकर लौटे छात्रों ने जब अपने लैपटॉप गायब देखे, तो संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया।

Advertisement

इस पूरी वारदात का संदिग्ध सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल बिल्डिंग में प्रवेश करते और बैग के साथ बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में दिनदहाड़े कोई बाहरी व्यक्ति कैसे प्रवेश कर सकता है, यह प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है। आक्रोशित छात्रों ने संस्थान के सुरक्षा गार्डों और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

राखी थाना पुलिस ने छात्रों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी को हॉस्टल के भीतर की व्यवस्था और छात्रों के परीक्षा समय की सटीक जानकारी थी। फिलहाल पुलिस ने कैंपस के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You might also like!