Breaking

महापौर मीनल चौबे का सख्त रुख: बारिश से पहले नाला निर्माण पूर्ण करने के निर्देश, लापरवाही पर ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

Chhattisgarh RRT News Desk 12 May 2026

post

RRT News- रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने मानसून पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को जोन 5 और जोन 6 के विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण किया। महापौर ने कुशालपुर (पंडित वामनराव लाखे वार्ड) और प्रोफेसर कॉलोनी (महामाया मंदिर वार्ड) में अधोसंरचना मद से बन रहे नए नालों की प्रगति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को तत्काल गति प्रदान की जाए ताकि बारिश शुरू होने से पहले जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त हो सके और नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिले।

Advertisement

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि यदि समय-सीमा के भीतर नालों का निर्माण पूर्ण नहीं हुआ, तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नालों के लिए आवंटित राशि का पूर्ण सदुपयोग सुनिश्चित करें और कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो। महापौर ने प्रोफेसर कॉलोनी में भैया तालाब के समीप निर्माणाधीन नाले की समीक्षा करते हुए उसे जल्द से जल्द मुख्य ड्रेनेज सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों के साथ-साथ महापौर ने वार्डों की सफाई व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया। कुशालपुर क्षेत्र में जगह-जगह गंदगी और कचरे के ढेर मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और जोन स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ पार्षद श्री कृष्णा सोनकर, श्रीमती जयश्री नायक, अधीक्षण अभियंता श्री इमरान खान और संबंधित जोन कमिश्नर मौजूद रहे। महापौर ने चेतावनी दी है कि शहर की स्वच्छता और विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You might also like!