Breaking

नाली में गंदगी फैलाने और जल निकासी बाधित करने वाले कबाड़ी पर निगम का एक्शन, 5 हजार रुपये का जुर्माना

Chhattisgarh RRT News Desk 28 April 2026

post

रायपुर नगर निगम प्रशासन ने शहर की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सख्त रुख अपना लिया है। नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के विशेष निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने 'स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2026' की तैयारियों के मद्देनजर विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जोन क्रमांक 10 के मेडिकल लाईन क्षेत्र में एक कबाड़ी की दुकान के बाहर नाली में भारी कचरा फैलाकर निकास व्यवस्था को अवरुद्ध पाया गया, जिसे गंभीरता से लेते हुए निगम की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई की।

Advertisement

निगम अधिकारियों ने दुकान संचालक को नियमों का उल्लंघन करने पर तत्काल 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही, भविष्य के लिए उन्हें सख्त चेतावनी दी गई है कि दोबारा इस तरह की लापरवाही बरतने पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान जोन 10 के कार्यपालन अभियंता श्री गजाराम कँवर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री अमित बेहरा और निगम मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता निरीक्षक श्री गिरीजेश तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

यह कार्रवाई स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के अंतर्गत शहर को साफ-सुथरा बनाने के अभियान का हिस्सा है। निगम प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि सार्वजनिक नालियों में कचरा फेंकने और जल निकासी में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने शहर के सभी दुकानदारों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे स्वच्छता मानकों का पालन करें और कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करें, ताकि शहर की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे।

You might also like!