नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 6 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 63 (टिकरापारा) में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत एक वृहद जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नंदी चौक क्षेत्र में स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों ने रैली निकालकर नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की नई गाइडलाइंस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राजधानी को स्वच्छ सर्वेक्षण में अव्वल बनाना और कचरा पृथक्करण की आदत को जन-जन तक पहुँचाना है।
अभियान के दौरान नागरिकों को '4 डिब्बा सफाई प्रणाली' के महत्व को समझाया गया। अब घरों से निकलने वाले कचरे को चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन में रखना अनिवार्य है: गीला कचरा (हरा), सूखा कचरा (नीला), विशेष देखभाल वाला कचरा (लाल) और सेनेटरी कचरा (काला)। स्वच्छता मित्रों ने अपील की कि नागरिक कचरा सड़कों पर न फेंककर सीधे सफाई वाहनों में ही दें, ताकि शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहे।
यह कार्यक्रम जोन कमिश्नर श्री हितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार और स्वास्थ्य अधिकारी श्री आदित्य हजारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मौके पर उपस्थित स्वच्छता निरीक्षकों ने रहवासियों को बताया कि 1 अप्रैल 2026 से लागू हुए नए नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस पहल के माध्यम से नगर निगम प्रशासन रायपुर को एक आदर्श स्वच्छ राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में सक्रिय कदम बढ़ा रहा है।








