रायपुर नगर पालिक निगम के जोन 7 स्वास्थ्य विभाग ने राजधानी के प्रमुख स्थलों अनुपम गार्डन, विजयन्त टैंक और पुरानी नेकी की दीवार के आसपास एक सघन विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के इन महत्वपूर्ण सार्वजनिक क्षेत्रों को कचरा मुक्त बनाना और उनकी सुंदरता को पुन: स्थापित करना था। जोन कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव के सख्त निर्देश और जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री आत्मानंद साहू के कुशल मार्गनिर्देशन में सफाई मित्रों की टीम ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए क्षेत्र में फैले कचरे के ढेरों को हटाकर तत्काल उठाव सुनिश्चित किया।
नगर निगम की इस कार्रवाई में क्षेत्रवासियों से प्राप्त स्वच्छता संबंधी जनशिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। टीम ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की। विजयन्त टैंक और नेकी की दीवार के पास का वातावरण स्वच्छ होने से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है। जोन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को लेकर इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
सफाई अभियान के साथ-साथ निगम प्रशासन ने जन-जागरूकता फैलाने का कार्य भी किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय दुकानदारों और वहां से गुजरने वाले नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करते हुए उनसे सहयोग की अपील की। सभी से आग्रह किया गया कि वे इन सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और कचरा पेटी का उपयोग करें। इस अभियान का उद्देश्य न केवल वर्तमान में क्षेत्र को साफ करना है, बल्कि शहर के नागरिकों को स्वच्छता के प्रति संवेदनशील बनाकर इसे स्थायी रूप से बनाए रखना है।







