Breaking

तपतपाती धूप में संवैधानिक जंग: 133 दिनों से डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन जारी, लू और डिहाइड्रेशन से रोज बिगड़ रही तबीयत

Chhattisgarh RRT News Desk 05 May 2026

post

नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर अपनी वैध नियुक्ति की मांग को लेकर डटे डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन अब बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है। मंगलवार को उनके इस आमरण अनशन को पूरे 133 दिन पूरे हो चुके हैं। भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों के बीच भी ये युवा अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं। इस तपती गर्मी में खुले आसमान के नीचे बैठने की वजह से अभ्यर्थी लगातार डिहाइड्रेशन और गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

Advertisement

धरना स्थल पर मौजूद प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि वे अपने संवैधानिक अधिकार और जायज हक के लिए इतनी कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष करने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के कारण कई अभ्यर्थियों की तबीयत लगातार बिगड़ रही है और कुछ को इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाना पड़ा है। इसके बावजूद, आंदोलनकारियों का हौसला डगमगाया नहीं है। उनका स्पष्ट रुख है कि जब तक विभाग द्वारा शेष बचे पदों पर उनकी वैध नियुक्ति का आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक यह आमरण अनशन और आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।

लंबी खिंचती जा रही इस हड़ताल के कारण अब अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में भारी आक्रोश और निराशा का माहौल पनप रहा है। आंदोलनकारियों ने सरकार और शिक्षा विभाग से तुरंत इस संवेदनशील मुद्दे पर हस्तक्षेप करने की मांग की है। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक इस आंदोलन को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है और स्थानीय लोगों के बीच भी इन युवाओं की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंताएं बढ़ने लगी हैं। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस गंभीर स्थिति पर कब तक कोई ठोस कदम उठाता है।

You might also like!