RRT News- छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित राजनांदगांव जिले के बागनदी थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात हॉलीवुड फिल्म जैसा नजारा देखने को मिला। अंतर्राज्यीय शराब तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागने की दुस्साहसिक कोशिश की। तस्करों ने न केवल पुलिस के बैरिकेड्स उड़ा दिए, बल्कि ड्यूटी पर तैनात जवानों को कुचलने का प्रयास भी किया। करीब 15 मिनट तक चले इस रोमांचक और खतरनाक पीछा (Chasing) के दौरान तस्करों ने पुलिस की स्कार्पियो और थाना प्रभारी की गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मारी, जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने तस्करों को रोकने के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर जाल बिछाया था, लेकिन शातिर तस्कर हर बार घेराबंदी तोड़कर भागने में सफल रहे। अंततः पुलिस की मुस्तैदी और घेराबंदी के कारण आरोपियों को चाबुकनाला के पास दबोच लिया गया। पकड़े गए तस्करों के पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है, जिसे वे महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ की सीमा में खपाने की योजना बना रहे थे। तस्करों की इस बेखौफ हरकत ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की चुनौतियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में बागनदी पुलिस की जांबाजी की चर्चा हो रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा डालने और आबकारी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके मुख्य नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।








