Raipur Breaking News : रायपुर। राजधानी रायपुर के टैगोर नगर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार्यालय परिसर से आग की लपटें उठती नजर आईं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
भंडार कक्ष बना आग का केंद्र
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग DEO कार्यालय के भंडार कक्ष में लगी, जहां विभाग की महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज रखे हुए थे। आग तेजी से फैलने के कारण कई जरूरी रिकॉर्ड जलकर राख हो गए।
बड़े नुकसान की आशंका
हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दस्तावेजों के जलने से विभागीय कामकाज को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने के कारणों की जांच
आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। दमकल और पुलिस विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।








