रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर ने राजस्व वसूली अभियान के तहत आज बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के बड़े बकायादारों के खिलाफ 'सीलबंदी' का हंटर चलाया है। निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेश पर जोन क्रमांक 1 की टीम ने कुल 30,78,289 रुपये का टैक्स बकाया होने पर तीन बड़े प्रतिष्ठानों को सील कर दिया है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान न करना संचालकों को भारी पड़ा।
संयुक्त टीम ने दी दबिश
अपर आयुक्त (राजस्व) श्रीमती कृष्णा खटीक और उपायुक्त श्रीमती जागृति साहू के मार्गदर्शन में जोन 1 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। राजस्व, नगर निवेश और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने आज चिन्हित ठिकानों पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
इन पर हुई कार्रवाई:
सीलबंदी की कार्रवाई के दौरान बकाया अदा नहीं करने वाले जगदीश कुमार पटेल (पिता नरसिंग भाई पटेल) और नारायण भाई पटेल के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। इन पर कुल 30.78 लाख रुपये से अधिक की राशि लंबे समय से लंबित थी। निगम की टीम ने मौके पर ही प्रतिष्ठानों के प्रवेश द्वारों को सील कर दिया।
मौके पर मौजूद रहा भारी अमला
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के साथ कार्यपालन अभियंता डी. के. पैकरा, सहायक राजस्व अधिकारी मनीष मरकाम, जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमलाल देवांगन, उप अभियंता अंकिता सोनवर्षा सहित राजस्व निरीक्षक और जोन का स्टाफ मौजूद रहा।
निगम की सख्त चेतावनी
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि वित्तीय वर्ष के अंत से पहले टैक्स वसूली का लक्ष्य पूरा करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा। सभी बड़े बकायादारों को चेतावनी दी गई है कि वे कुर्की और सीलबंदी जैसी अप्रिय कार्रवाई से बचने के लिए तत्काल अपना संपत्ति कर और अन्य बकाया शुल्क जमा करें।








