Breaking

रायपुर: सड्डू में नाले पर अवैध कब्जा साफ! जोन 9 की बड़ी कार्रवाई, तहसीलदार के निर्देश पर नाले का सीमांकन शुरू

Chhattisgarh RRT News Desk 12 February 2026

post

रायपुर। राजधानी के सड्डू क्षेत्र में जल निकासी बाधित करने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर पालिक निगम ने कड़ा प्रहार किया है। नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार, जोन 9 की टीम ने आज सड्डू स्थित सावित्री बाई फुले स्कूल के बाजू में नाले पर किए गए अवैध कब्जे को अभियान चलाकर हटा दिया। इस कार्रवाई से नाला क्षेत्र अब अतिक्रमण मुक्त हो गया है।

Advertisement

जेसीबी से ढहाया गया अवैध निर्माण

जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा (सीनियर) के नेतृत्व में नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर जेसीबी मशीन की सहायता से पक्के अतिक्रमण को तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री शरद ध्रुव, सहायक अभियंता श्री सैय्यद जोहेब और उपअभियंता श्री आशुतोष पाण्डेय सहित निगम का भारी अमला मौजूद रहा। अधिकारियों के अनुसार, नाले पर कब्जे के कारण क्षेत्र में जल भराव की स्थिति बन रही थी, जिसकी शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं।

तहसीलदार के निर्देश पर सीमांकन

अतिक्रमण हटाने के साथ ही तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। पटवारी द्वारा स्थल पर पहुंचकर नाले के वास्तविक क्षेत्रफल का सीमांकन (Demarcation) किया जा रहा है। सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाले की स्पष्ट चौड़ाई तय हो जाएगी, जिससे भविष्य में दोबारा कब्जा होने की संभावना खत्म हो जाएगी।

नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर के किसी भी नाले या जलमार्ग पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You might also like!