RRT News- रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने और पानी की चोरी रोकने के लिए अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे, जल कार्य विभाग के अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू और निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के सख्त निर्देशानुसार, आज रावणभाठा फिल्टरप्लांट और जोन क्रमांक 2 की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम ने राजधानी के खमतराई ब्रिज के पास मुख्य राइजिंग मेन पाइपलाइन से सीधे (डायरेक्ट) लिए गए एक बड़े अवैध नल कनेक्शन को मौके पर पहुंचकर विच्छेद (काट) दिया।
मुख्य राइजिंग मेन लाइन से सीधे पानी खींचने की वजह से आसपास के वार्डों और बस्तियों में पेयजल का दबाव कम हो रहा था, जिससे आम नागरिकों को कम दबाव में पानी मिलने और जल संकट की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर नगर निगम प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से जोड़ी गई पाइपलाइन को जब्त कर लिया। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि मुख्य सप्लाई लाइनों से सीधे कनेक्शन लेना पूरी तरह से अवैध और दंडनीय अपराध है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान मौके पर नगर निगम जोन 2 के कमिश्नर श्री संतोष पाण्डेय, जल कार्य विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री नर सिंह फरेन्द्र, जोन 2 के कार्यपालन अभियंता श्री पी. डी. धृतलहरे और रावणभाठा फिल्टरप्लांट के सहायक अभियंता श्री योगेन्द्र कुमार देवांगन सहित निगम की तकनीकी व सुरक्षा टीम मौजूद रही। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पानी की चोरी न करें और यदि कहीं भी अवैध कनेक्शन की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दें ताकि पेयजल की बर्बादी को रोका जा सके।







