RAIPUR NEWS : रायपुर। राजधानी रायपुर के तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्टेशन परिसर में खड़ी एक मालगाड़ी पर चढ़े युवक की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी स्टेशन पर खड़ी थी, तभी एक अज्ञात युवक अचानक डिब्बे के ऊपर चढ़ गया। ऊपर मौजूद हाईटेंशन लाइन को छूते ही तेज करंट फैला और युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था।
घटना से स्टेशन परिसर में मचा हड़कंप
हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जीआरपी ने शुरू की जांच
जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि युवक किस परिस्थिति में मालगाड़ी पर चढ़ा।








