Breaking

रायपुर में 'टीम प्रहरी' का जबरदस्त एक्शन: मालवीय रोड और शास्त्री बाजार समेत कई मार्ग अतिक्रमण मुक्त, दुकानदारों से वसूला भारी जुर्माना...

Chhattisgarh RRT News Desk 12 February 2026

post

रायपुर। राजधानी रायपुर की सड़कों को सुगम और यातायात को व्यवस्थित बनाने के लिए शुरू किया गया 'टीम प्रहरी' अभियान अब अपने पूरे शवाब पर है। लगातार दूसरे दिन, रायपुर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक इलाकों— मालवीय रोड, बैजनाथपारा, एवरग्रीन चौक और शास्त्री बाजार में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से न केवल सड़कों ने राहत की सांस ली, बल्कि अतिक्रमणकारियों में भी हड़कंप मच गया।

Advertisement

सख्त कार्रवाई: तोड़े गए टीन शेड, हटाए गए ठेले

कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में चली इस कार्रवाई के दौरान सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए 50 से अधिक ठेलों और गुमटियों को सख्ती से हटाया गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने सड़क तक टीन शेड बढ़ा लिए थे, जिन्हें मौके पर ही तोड़कर हटा दिया गया। इस अभियान का उद्देश्य बाजार के प्रमुख मार्गों पर नागरिकों को जाम से मुक्ति दिलाना है।

दुकानदारों पर आर्थिक हंटर

सड़क पर सामान फैलाकर आवाजाही बाधित करने वाले 12 से अधिक बड़े दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने इन दुकानदारों से लगभग 25,000 रुपये का ई-जुर्माना वसूला। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण पाया गया, तो जुर्माना और भी सख्त होगा और सामान जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान

इस महाभियान के दौरान एएसपी यातायात श्री विवेक शुक्ला, नगर निगम अपर आयुक्त श्री पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक श्री अभाष मिश्रा और जोन 4 कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव सहित नगर निवेश विभाग का उड़न दस्ता और यातायात पुलिस का भारी अमला तैनात रहा।

आम जनता को मिली राहत

लगातार दूसरे दिन चली इस मुहिम के बाद मालवीय रोड और शास्त्री बाजार जैसे इलाकों में यातायात काफी सुगम नजर आया। पैदल चलने वाले नागरिकों और वाहन चालकों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है। प्रशासन का कहना है कि 'टीम प्रहरी' अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि रायपुर को एक व्यवस्थित और स्मार्ट शहर बनाया जा सके।

You might also like!