Breaking

रायपुर पश्चिम: डीडी नगर को मिलेगी विकसित उद्यानों की सौगात, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने किया 20 लाख के कार्यों का भूमिपूजन...

Chhattisgarh RRT News Desk 09 February 2026

post

Raipur: रायपुर पश्चिम विधानसभा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडी नगर) वार्ड में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। विधायक श्री राजेश मूणत और महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने डीडी नगर सेक्टर 2 में 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो उद्यानों के सौंदर्याकरण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इस अवसर पर विधायक मूणत ने स्पष्ट संदेश दिया कि रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कड़े फैसले लेने होंगे। उन्होंने नालंदा परिसर पार्ट-2 के कार्य की सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ी के भविष्य को संवारने वाला कदम बताया।

Advertisement

संबोधन के दौरान विधायक राजेश मूणत ने नगर निगम के अधिकारियों को अवैध निर्माणों और आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक दुकानों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यवस्थित पार्किंग अनिवार्य है। विधायक ने नागरिकों से अपील की कि वे उद्यानों और लाइब्रेरी के संधारण के लिए नागरिक समितियां बनाएं, ताकि इन सार्वजनिक संपत्तियों का लंबे समय तक सदुपयोग हो सके और युवाओं का भविष्य सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने डीडी नगर के गोल चौक सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए नागरिकों से पार्किंग व्यवस्था में सहयोग मांगा। उन्होंने वार्ड पार्षद आशु चंद्रवंशी की सक्रियता और रहवासियों की जागरूकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि नगर निगम जनसमस्याओं के समाधान के लिए कृत संकल्पित है। महापौर ने जनता से आह्वान किया कि वे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर स्वयं निगरानी रखें और किसी भी कमी की स्थिति में सीधे उन्हें सूचित करें ताकि तत्काल सुधार किया जा सके।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने विधायक राजेश मूणत को 'विकास पुरुष' बताते हुए क्षेत्र में हो रहे निरंतर कार्यों को रेखांकित किया। इस दौरान ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर और स्थानीय रहवासी समितियों ने अतिथियों का अभिनंदन किया। कंचनगंगा कॉलोनी और पासपोर्ट ऑफिस उद्यान में योगा शेड जैसे कार्यों के लिए नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में एमआईसी सदस्य, पार्षदगण और निगम के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

You might also like!