Breaking

रायपुर: मौदहापारा में 'महा-सफाई' अभियान; नाले से निकाला गया 6 डम्पर कचरा, जोन 2 की टीम ने स्वच्छता का कायम किया उदाहरण

Chhattisgarh RRT News Desk 13 February 2026

post

रायपुर। राजधानी रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 2 की स्वास्थ्य टीम ने आज के.के. मार्ग, मौदहापारा क्षेत्र में बड़ी सफाई कार्रवाई की है। श्री महाबीर गौशाला के सामने मुख्य मार्ग के किनारे स्थित नाले की सघन सफाई कर टीम ने लगभग 6 डम्पर कचरा बाहर निकाला और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उसका तत्काल परिवहन सुनिश्चित किया।

Advertisement

जेसीबी और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा

नगर निगम आयुक्त के निर्देश और जोन 2 कमिश्नर श्री संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में चली इस मुहिम में मशीनरी और मैनपावर का बेहतरीन तालमेल दिखा। नाले में जमा मलबे और कचरे को जेसीबी मशीन की सहायता से निकाला गया, वहीं किनारों की सफाई मैनुअल तरीके से सफाई मित्रों द्वारा की गई।

मौके पर मौजूद रहे अधिकारी

सफाई अभियान की गंभीरता को देखते हुए जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री रवि लावनिया ने मौके पर उपस्थित रहकर पूरी कार्रवाई का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि नाले से निकला गया मलबा सड़क पर न फैला रहे, इसके लिए डम्पर्स के माध्यम से तत्काल कचरे को ट्रेचिंग ग्राउंड भेजा गया।

जनस्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोपरि

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि गर्मी और आने वाले मानसून को ध्यान में रखते हुए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना अनिवार्य है। नाले में कचरा जमा होने से न केवल जलभराव की समस्या होती है, बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।

You might also like!