रायपुर: भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पानी की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के गुढ़ियारी, अशोक नगर, बजरंग चौक और दुर्गा चौक जैसे इलाकों में पिछले कई दिनों से नलों में पानी नहीं आने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस नेताओं और स्थानीय निवासियों ने सोमवार को नगर निगम जोन-8 कार्यालय का जोरदार घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में खाली मटके लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और 'मटका फोड़' विरोध प्रदर्शन के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में जब जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है, तब निगम प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। सुबोध ने आरोप लगाया कि बजरंग चौक और बड़ा अशोक नगर जैसे घने बसे क्षेत्रों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अधिकारी समस्या को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि अगले 48 घंटों के भीतर जलापूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और नगर निगम मुख्यालय का घेराव करेंगे।
जल संकट की वजह से इन बस्तियों के हालात इतने खराब हैं कि लोगों को दैनिक कार्यों के लिए निजी टैंकरों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली बाल्टियां दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया। वहीं, निगम के अधिकारियों ने जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत और वैकल्पिक टैंकरों की व्यवस्था का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल गर्मी में यही आश्वासन मिलता है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हुआ है।







