भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब जेल से छूटे एक शातिर बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। मुख्य आरोपी शेख शाहरूख पुरानी रंजिश और अपने खिलाफ दी गई गवाही को लेकर बेहद नाराज था, जिसका बदला लेने की नियत से उसने रात करीब 10 बजे वारदात को अंजाम दिया। चाकूबाजी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को कुछ ही घंटों में दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के मन से अपराध का नशा उतारने के लिए उनका उसी मोहल्ले में जुलूस निकाला जहाँ उन्होंने दहशत फैलाई थी। मुख्य आरोपी शेख शाहरूख और उसके दो साथियों को पुलिस की टीम ने चौक पर ले जाकर सरेआम उठक-बैठक करवाई। अपराधियों को इस तरह सबक सिखाते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। पुलिस का उद्देश्य यह संदेश देना था कि जेल से छूटने के बाद अगर किसी ने दोबारा कानून हाथ में लेने की कोशिश की, तो उसका अंजाम इसी तरह शर्मनाक होगा।
छावनी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें वापस जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गवाहों को डराने या उन पर हमला करने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी, ताकि आम जनता बिना किसी डर के पुलिस और न्याय व्यवस्था का सहयोग कर सके।








