Breaking

CG Accident : सड़क हादसे ने छीनी घर की खुशियां: बारात निकलने से पहले भाई की मौत, शादी वाले घर में पसरा मातम

Chhattisgarh RRT News Desk 20 February 2026

post

CG Accident : धमधा/खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-धमधा मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बरहापुर के पास एक बेकाबू अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

Advertisement


शादी की तैयारियों के बीच हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बरहापुर निवासी जगन्नाथ साहू और उनका छोटा भाई रोहित साहू बाइक पर सवार होकर बरहापुर से धमधा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धमधा से खैरागढ़ की ओर आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।


अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

राहगीरों की मदद से तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धमधा लाया गया। यहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद छोटे भाई रोहित साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बड़े भाई जगन्नाथ साहू की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।


सामूहिक विवाह की खुशियां गम में बदलीं

बताया जा रहा है कि आज 20 फरवरी को बरहापुर गांव में साहू समाज का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित है। मृतक और घायल के परिवार में भी शादी थी और घर में बारात ले जाने की तैयारी जोरों पर चल रही थी। हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है।


पुलिस जांच में जुटी

हादसे को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया है। धमधा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

You might also like!