रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए एक अनूठी पहल की है। दसवीं और बारहवीं की प्रावीण्य सूची (Merit List) में स्थान बनाने वाले 18 मेधावी छात्रों को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मैच देखने का सुनहरा अवसर मिला। इन विद्यार्थियों ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच हुए रोमांचक मुकाबले का लाइव लुत्फ उठाया, जो उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के सम्मान के रूप में आयोजित किया गया था।
मुख्यमंत्री का मानना है कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को ऐसे प्रेरक अवसर प्रदान किए जाने चाहिए, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य के लिए बड़े सपने देख सकें। स्टेडियम पहुंचे अधिकांश विद्यार्थियों के लिए यह पहला मौका था जब उन्होंने किसी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन को इतनी करीब से देखा। हजारों दर्शकों का शोर, जगमगाती रोशनी और दिग्गज खिलाड़ियों की ऊर्जा ने बच्चों को अभिभूत कर दिया। शासन की इस संवेदनशीलता ने छात्रों के बीच खुशी और गर्व का माहौल पैदा किया है।
प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जिज्ञासु वर्मा और अन्य छात्रों जैसे यश ख्रोबागढ़े ने इस अनुभव को अपने जीवन का सबसे यादगार पल बताया। छात्रों ने मुख्यमंत्री श्री साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीवी पर मैच देखने और स्टेडियम में लाइव अनुभव लेने में जमीन-आसमान का अंतर है। राज्य सरकार की इस पहल को शिक्षा और खेल के समन्वय के रूप में देखा जा रहा है, जो न केवल बच्चों के मनोबल को बढ़ाती है, बल्कि 'विकसित छत्तीसगढ़' के सपने को साकार करने वाले युवाओं को नई दिशा भी प्रदान करती है।








