CG BREAKING : गरियाबंद/फिंगेश्वर: छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल घटारानी धाम में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। आस्था के इस बड़े केंद्र में देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिसने मंदिर परिसर में स्थित लगभग 8 से 9 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को अपना सामान सुरक्षित निकालने का मौका तक नहीं मिला। इस अग्निकांड में प्रसादी, फैंसी आइटम और पूजा सामग्री की दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब चैत्र नवरात्रि का पर्व बेहद करीब है। आगामी मेले और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इन छोटे व्यापारियों ने भारी कर्ज लेकर और अपनी जमा पूंजी लगाकर लाखों रुपये का नया माल दुकानों में भरा था। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, इस आगजनी में दुकानदारों को 8 से 10 लाख रुपये का सीधा नुकसान हुआ है। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि उनकी साल भर की कमाई और उम्मीदें इस आग की भेंट चढ़ गई हैं।
आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने आशंका जताई है कि आसपास के जंगलों में लगी आग धीरे-धीरे फैलते हुए दुकानों तक पहुँच गई होगी। घटना की जानकारी मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल, बेसहारा हुए दुकानदारों ने प्रशासन से इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच करने और हुए भारी नुकसान के लिए उचित मुआवजे की गुहार लगाई है ताकि वे फिर से अपने पैरों पर खड़े हो सकें।








