CG NEWS : खैरागढ़ जिले के करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में मंगलवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान अफरा-तफरी मच गई। स्कूल परिसर में उगे रतनजोत के जहरीले पौधे का फल खाने से 19 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार चार बच्चों पर जहर का ज्यादा असर हुआ है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। एक बच्चे को जिला अस्पताल खैरागढ़ रेफर किया गया है।
घटना की सूचना पर अभिभावक और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय लोगों ने स्कूल से जहरीले पौधे हटाने की मांग की है।








