CG News : रायगढ़ में बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन एक चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में 12वीं की छात्रा अनन्या सर्वे की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। दुखद संयोग यह रहा कि आज ही उसकी बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर था।
जानकारी के अनुसार, अनन्या सर्वे अपने परिवार के साथ मेडिकल कॉलेज परिसर के टाइप-6 आवास की तीसरी मंजिल पर रहती थी। उसके पिता राजेश सर्वे मेडिकल कॉलेज की स्थापना शाखा में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे अनन्या परीक्षा की तैयारी कर छत पर टहलने गई थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे कंक्रीट पर गिर गई।
गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है। फिलहाल चक्रधर नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।






