CG News : रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों युवक चिखली बाजार के पास एक ही साड़ी से फांसी पर लटके हुए पाए गए। सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पुसौर पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि ग्राम चिखली बाजार के पास दो युवक एक ही साड़ी से फांसी लगाकर लटके हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि मृतकों की पहचान दीपक बरेठ उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम तेतला थाना पुसौर और शिव शरण उर्फ शिवा कर्ष उम्र 21 वर्ष मूल निवासी ग्राम मालखरौदा, वर्तमान निवासी कटंगपाली थाना सरिया जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार दीपक बरेठ सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद मंगलवार को उसका शव चिखली के पास फांसी पर लटका मिला।घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। फिलहाल पुसौर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।








