Breaking

128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की कई बड़ी घोषणाएं

Chhattisgarh RRT News Desk 09 July 2026

post

रायपुर, 9 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नत करने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण राज्य सरकार की पहचान है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया है और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है, जबकि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में अब तक 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। साथ ही सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता सितंबर तक 'मोर बिजली' मोबाइल ऐप या वेबसाइट के माध्यम से पंजीयन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' अभियान के तहत आंवले का पौधा लगाया, सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा मिशन उत्कर्ष के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।

कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक आरंग विधानसभा क्षेत्र को 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।

You might also like!