Breaking

रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: नालियों में गंदगी फैलाने वाली नैवेद्य फैक्ट्री और गुजराती मिष्ठान भंडार पर लगा भारी जुर्माना

Chhattisgarh RRT News Desk 08 January 2026

post

रायपुर, 8 जनवरी 2026: स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के मद्देनजर रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जनशिकायतों के आधार पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नैवेद्य फैक्ट्री और गुजराती मिष्ठान भंडार पर बड़ी वित्तीय कार्रवाई की गई है।

Advertisement

निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही को शिकायत प्राप्त हुई थी कि नैवेद्य फैक्ट्री द्वारा फैक्ट्री का कचरा और गंदगी सीधे नगर निगम की मुख्य नाली में बहाई जा रही है। मौके पर निरीक्षण करने पहुँची टीम ने पाया कि गंदगी के कारण नाली पूरी तरह बाधित हो चुकी है, जिससे आसपास जलभराव की स्थिति बन रही थी। शिकायत सही पाए जाने पर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री संचालक पर 10,000 रुपये का जुर्माना ठोका और भविष्य में ऐसा न करने की कड़ी चेतावनी देते हुए सुधार नोटिस जारी किया।

इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जोन-4 स्थित प्रसिद्ध गुजराती मिष्ठान भंडार का भी औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान परिसर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का अभाव पाया गया। नियमों के मुताबिक बड़े प्रतिष्ठानों के लिए मिनी एसटीपी अनिवार्य है ताकि दूषित पानी को शोधित किया जा सके। एसटीपी नहीं मिलने पर निगम ने 5,000 रुपये का ई-जुर्माना वसूल किया और संचालक को शीघ्र ही मिनी एसटीपी निर्माण करने हेतु आधिकारिक नोटिस थमाया।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान जोन-4 के स्वास्थ्य अधिकारी श्री वीरेन्द्र चंद्राकर और मुख्यालय स्वच्छता निरीक्षक श्री गिरिजेश तिवारी सहित निगम का उड़नदस्ता मौजूद रहा। डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने स्पष्ट किया कि शहर की नालियों को कचरा डालकर बाधित करना या बिना एसटीपी के दूषित पानी बहाना कानूनन अपराध है। उन्होंने अन्य व्यापारियों को भी सचेत किया कि वे अपनी दुकानों के बाहर सफाई बनाए रखें और कूड़ा प्रबंधन के मानकों का कड़ाई से पालन करें।

नगर निगम आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता से जुड़ी किसी भी समस्या या नियमों के उल्लंघन की जानकारी तत्काल निगम को दें। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 'स्वच्छ रायपुर' की मुहिम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में यह अभियान शहर के अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में भी निरंतर जारी रहेगा।

You might also like!