IND–NZ टी-20 : रायपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आगामी 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नया रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का गवाह बनेगा। इस दिन भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा।
यह मुकाबला न्यूजीलैंड के भारत दौरे का हिस्सा है और टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के लिहाज से दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
देश का दूसरा सबसे बड़ा स्टेडियम, 65 हजार दर्शकों की क्षमता
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम देश का दूसरा और दुनिया का चौथा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। इसकी दर्शक क्षमता करीब 65 हजार है। आधुनिक सुविधाओं, विशाल ग्राउंड और बेहतरीन पिच के चलते यह स्टेडियम खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के बीच लोकप्रिय है। कई क्रिकेट विशेषज्ञ इसकी तुलना ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध गाबा स्टेडियम से करते हैं।
टिकट बुकिंग शुरू, 800 से 25 हजार रुपये तक दाम
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा नियुक्त आधिकारिक टिकटिंग पार्टनर Ticketgenie के माध्यम से टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है। दर्शक ticketgenie.in वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए टिकट खरीद सकते हैं।
टिकट की शुरुआती कीमत: 800 रुपये
प्रीमियम/हॉस्पिटैलिटी टिकट: 25,000 रुपये तक
एक यूजर अधिकतम: 4 टिकट ही खरीद सकता है
प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय रहते टिकट बुक कर लें, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के टिकट तेजी से सोल्ड आउट हो जाते हैं।
स्टेडियम में खानपान की भी व्यवस्था
मैच के दौरान दर्शकों के लिए खानपान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जानकारी के अनुसार:
100 ग्राम समोसा – 50 रुपये
सैंडविच – 60 रुपये
बर्गर – 80 रुपये
रोमांच से भरा होगा मुकाबला
टी-20 प्रारूप में होने वाला यह नाइट मैच रोमांच से भरपूर रहने की उम्मीद है। स्टेडियम में हजारों दर्शकों की मौजूदगी, तिरंगा लहराते फैंस और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मुकाबले का माहौल बेहद खास होगा।
क्रिकेट प्रेमियों में इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह है और रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रंग में रंगने को तैयार है।








