जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक बेहद डरा देने वाला और हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक पेट्रोल पंप पर ईंधन डलवाने के तुरंत बाद एक मोटरसाइकिल में अचानक भीषण आग लग गई। घटना जगदलपुर के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम तारापुर की है। पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर अचानक आग की ऊंची लपटें उठती देख वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने के लिए फ्यूल स्टेशन पहुंचा था। जैसे ही कर्मचारी ने बाइक की टंकी में पेट्रोल डाला और युवक ने गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश की, तभी अचानक इंजन के पास से जोरदार चिंगारी निकली और देखते ही देखते पूरी बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बाइक चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह तुरंत गाड़ी छोड़कर पीछे भागा, जिससे उसकी जान बाल-बाल बची।
पंप कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वहां रखे अग्निशमन यंत्रों (Fire Extinguishers) और सूखी रेत की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की, ताकि आग पेट्रोल मशीन या भूमिगत टैंक तक न पहुंच सके। हालांकि, जब तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जाता, तब तक महज कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा विस्फोट नहीं हुआ और एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।







