Breaking

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी PM जनमन सड़क: हाथ से उखड़ रही डामर की परतें, निर्माण के 24 घंटे बाद ही खुली ठेकेदार और इंजीनियर की पोल

Chhattisgarh RRT News Desk 07 May 2026

post

अम्बिकापुर: सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित कदनाई इलाके में 'प्रधानमंत्री जनमन योजना' के तहत बनाई गई सड़क विकास के दावों की हवा निकाल रही है। करोड़ों की लागत से तैयार यह सड़क गुणवत्ता के मामले में इतनी घटिया साबित हुई है कि निर्माण के मात्र एक दिन बाद ही इसकी परतें उखड़ने लगी हैं। कदनाई से लोटाभवना को जोड़ने वाली करीब 2.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क की हालत यह है कि ग्रामीण हाथों से ही इसकी गिट्टियां और डामर निकाल कर दिखा रहे हैं।

Advertisement

ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार और अनियमितता का आरोप लगाया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ठेकेदार और संबंधित सब-इंजीनियर की मिलीभगत से मानक विहीन और अत्यंत घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। जिस सड़क को पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होना था, वह पहली बारिश भी नहीं झेल पाई और धूल में तब्दील होने लगी है। ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का पैसा अधिकारियों और ठेकेदारों की जेब भरने में जा रहा है।

सड़क की खराब गुणवत्ता के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जिम्मेदार ठेकेदार व लापरवाह इंजीनियर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल, इस मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन "हाथ से उखड़ती सड़क" ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के जमीनी कार्यान्वयन पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।

You might also like!