Breaking

बस्तर में बड़ा एक्शन: दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर 5 लाख का इनामी माओवादी ढेर; SLR और इंसास राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद

Chhattisgarh RRT News Desk 05 March 2026

post

दंतेवाड़ा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में सुरक्षाबलों का प्रहार जारी है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सरहद पर स्थित गीदम थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाकों में हुई एक भीषण मुठभेड़ में जवानों ने 5 लाख रुपये के इनामी माओवादी को मार गिराया है। मारे गए माओवादी की पहचान राजेश पुनेम के रूप में हुई है, जो प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) की भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य (ACM) था। मुठभेड़ के बाद मौके से स्वचालित हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है, जो इस क्षेत्र में माओवादियों की बड़ी साजिश को विफल करने का संकेत देता है।

Advertisement

कैसे हुई मुठभेड़?

पुलिस को सटीक खुफिया जानकारी मिली थी कि गीदम थाना क्षेत्र के ग्राम गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के बीच पहाड़ी जंगलों में माओवादियों ने हथियारों और विस्फोटक सामग्री का एक बड़ा डंप छुपा रखा है। सूचना के आधार पर 3 मार्च को DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और बस्तर फाइटर्स की एक संयुक्त टीम को रवाना किया गया था। 4 मार्च की रात (करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच) जब जवान सर्चिंग कर रहे थे, तभी घात लगाए बैठे 8-10 हथियारबंद माओवादियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद माओवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए।

बरामदगी और पहचान:

मुठभेड़ स्थल की सघन तलाशी के दौरान राजेश पुनेम का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित हथियार और सामग्री जब्त की है:

1 SLR राइफल और 1 इंसास (INSAS) राइफल

1 पिस्टल (मैगजीन सहित)

1 वॉकी-टॉकी सेट

एसएलआर की मैगजीन, 6 जिंदा कारतूस और खोखे

भारी मात्रा में माओवादी साहित्य और दैनिक उपयोग की सामग्री

दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने पुष्टि की है कि मारे गए माओवादी पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है और सभी जवान सुरक्षित वापस लौट आए हैं। वर्तमान में पूरे इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। गृह मंत्री अमित शाह द्वारा निर्धारित 31 मार्च 2026 की डेडलाइन से पहले नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You might also like!