धमतरी। धमतरी जिले में बीते दो दिनों से “एमकॉम सब्जी वाला” के नाम से चर्चित राहुल सोनकर इन दिनों सुर्खियों में हैं। अलग-अलग स्थानों पर मंडी से भी कम कीमत पर सब्जी बेचकर उन्होंने आम जनता का दिल जीत लिया है। जहां एक ओर टमाटर आज मंडी में 35 रुपये किलो तथा बाजार में चिल्हर 40 से 50 रुपये किलो बिक रहा है राहुल द्वारा 25 रुपये तथा थोक में लेने पर 23 रुपये की दर से टमाटर का विक्रय किया जा रहा है इसी तरह अन्य सब्जीयों की कीमत भी बाजार से बहुत कम है । जँहा एक ओर लोग उनकी सराहना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुराने सब्जी विक्रेताओं द्वारा उनका विरोध भी सामने आया है।
दिनांक 06 जनवरी 2026 को घड़ी चौक के पास भीड़ बढ़ने का हवाला देते हुए कुछ विक्रेताओं ने राहुल सोनकर को सब्जी बेचने से रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद राहुल ने हिम्मत नहीं हारी और 07 जनवरी 2026 को घड़ी चौक के दूसरी ओर एक नए स्थान का चयन कर फिर से सबसे कम दाम पर सब्जी विक्रय शुरू किया। इस दौरान उनका सब्जी बेचते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
RRT News की संवाददाता कृपा कावड़े एवं उनके सहयोगियों से बातचीत में राहुल सोनकर ने बताया कि उन्होंने बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव शासकीय पी.जी. कॉलेज, धमतरी से एमकॉम तक की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के बाद नौकरी नहीं मिलने पर उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर ईमानदारी से जीवन यापन करने का रास्ता चुना और बिना किसी गलत तरीके के सस्ती दरों पर सब्जी बेचने का निर्णय लिया।
राहुल का कहना है कि पुराने कुछ सब्जी विक्रेता उनके इस प्रयास का विरोध कर रहे हैं, लेकिन इसके विपरीत आम जनता से उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है। राहुल सोनकर ने RRT News के माध्यम से धमतरी की जनता से अपने इस सराहनीय कार्य के समर्थन की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि वे भविष्य में भी बिना किसी दबाव और भय के सबसे सस्ते दाम पर सब्जी बेचते रहेंगे।








