रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक-1 कार्यालय में आज लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोक अदालत के न्यायमूर्ति श्री ऋषि कुमार बर्मन विशेष रूप से उपस्थित रहे। लोक अदालत के दौरान जोन-1 क्षेत्र से संबंधित कुल 9 प्रकरणों पर सुनवाई की गई और उन सभी का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर आम जनता को राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में लोक अदालत की नोडल अधिकारी (जोन-4 कमिश्नर) डॉ. दिव्या चंद्रवंशी और जोन-1 कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा ने न्यायमूर्ति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति के समक्ष लाइनमैनों ने गोगांव और पुरानी भनपुरी पानी टंकी के पास असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत की। इस पर न्यायमूर्ति ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात कही।
न्यायमूर्ति श्री ऋषि कुमार बर्मन ने लोक अदालत के साथ-साथ निगम द्वारा संचालित जनसुविधाओं का भी प्रत्यक्ष अवलोकन किया। जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा ने उन्हें जानकारी दी कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत यहाँ RRR (रियूज, रिड्यूज, रिसाइकल) सेंटर संचालित है, जहाँ नागरिक पुरानी वस्तुएं दान करते हैं जो जरूरतमंदों के काम आती हैं। इसके अलावा, 'फूड बैंक' की अनूठी पहल के तहत 2 किलो पॉलीथिन देने पर नागरिकों को नाश्ता या पानी की बोतल दी जा रही है।
भीषण गर्मी को देखते हुए जोन कार्यालय में संचालित सार्वजनिक प्याऊघर का भी न्यायमूर्ति ने निरीक्षण किया और मटकों से ठंडे पेयजल की उपलब्धता की सराहना की। इस आयोजन में जोन कार्यपालन अभियंता श्री द्रोनी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता श्री शरद देशमुख और उपअभियंता श्री गोपाल प्रधान सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।







