Breaking

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान संकट में: पद्मविभूषण तीजन बाई एम्स में भर्ती, दुआओं का दौर शुरू

Chhattisgarh RRT News Desk 12 March 2026

post

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और विश्व प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मविभूषण तीजन बाई की अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। उन्हें गंभीर स्थिति में रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। जैसे ही यह खबर फैली, प्रदेश भर में उनके प्रशंसकों और कला जगत से जुड़े लोगों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गजों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Advertisement

अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद लिया गया निर्णय

बताया जा रहा है कि तीजन बाई पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं, लेकिन आज अचानक स्वास्थ्य में गिरावट महसूस होने के बाद उन्हें तत्काल भिलाई से रायपुर लाया गया। AIIMS के विशेषज्ञों की एक टीम उनकी देखरेख में जुटी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उन्हें कमजोरी और सांस लेने में हल्की तकलीफ की शिकायत थी। डॉक्टरों ने उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा है और उनके विभिन्न मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं।

सांस्कृतिक धरोहर हैं पद्मविभूषण तीजन बाई

तीजन बाई ने पंडवानी कला को न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि सात समंदर पार तक पहचान दिलाई है। उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म श्री, पद्म भूषण और फिर देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्यविभूषण से नवाजा जा चुका है। छत्तीसगढ़ की माटी की इस बेटी ने महाभारत की कथाओं को अपनी विशिष्ट गायन शैली और अभिनय से दुनिया भर में जीवंत किया है। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक बिरादरी को स्तब्ध कर दिया है।

प्रशंसकों और सरकार की टिकी हैं निगाहें

रायपुर AIIMS प्रबंधन की ओर से जल्द ही उनके स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी किया जा सकता है। शासन-प्रशासन की ओर से भी डॉक्टरों से लगातार संपर्क साधा जा रहा है ताकि उन्हें उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा मिल सके। उनके गृह निवास भिलाई और पूरे प्रदेश में उनके शुभचिंतक उनकी लंबी आयु और रिकवरी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की यह महान विभूति लंबे समय से अस्वस्थ चल रही हैं, लेकिन उनकी जुझारू शक्ति ने हमेशा उन्हें मंच पर वापसी कराई है।

You might also like!