Breaking

प्रार्थना सभा से पहले मचा हड़कंप: जहरीले बीज खाने से 19 बच्चे बीमार, स्कूल परिसर में अफरा-तफरी

Chhattisgarh 06 January 2026

post

रायजनांदगांव (छत्तीसगढ़)।जिले के एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रार्थना सभा शुरू होने से ठीक पहले कई बच्चे अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिरने लगे। कुछ ही मिनटों में स्कूल का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। जांच में सामने आया कि बच्चों ने स्कूल परिसर में लगे जहरीले पौधे के बीज खा लिए थे, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।

Advertisement

बताया जा रहा है कि खेल-खेल में बच्चों ने पौधे के फल को खा लिया था। कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते 19 बच्चे बीमार पड़ गए। शिक्षकों ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस को सूचना दी।

अस्पताल में भर्ती, कुछ की हालत गंभीर

सभी बीमार बच्चों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। अधिकांश बच्चों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है, जबकि कुछ बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

परिजनों में दहशत, स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल

घटना की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। कई अभिभावकों ने स्कूल परिसर में जहरीले पौधों की मौजूदगी पर नाराजगी जताई और इसे गंभीर लापरवाही बताया। उनका कहना है कि अगर समय रहते इलाज नहीं मिलता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों ने स्कूल परिसर से ऐसे पौधों को हटाने के निर्देश दिए हैं और घटना की जांच के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सभी स्कूल परिसरों की सुरक्षा जांच कराने की बात कही गई है।

बड़ा सबक

यह घटना स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चेतावनी है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्कूल परिसरों में किसी भी तरह के जहरीले पौधे या खतरनाक वस्तुएं नहीं होनी चाहिए, ताकि मासूम बच्चों की जान जोखिम में न पड़े।

You might also like!