रायपुर: राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए प्रशासन ने अब उनके अवैध निर्माणों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शहर की प्रथम नागरिक महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देश पर आज 'टीम प्रहरी' अभियान के तहत झंडा चौक, पंडरी में बड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी द्वारा सरकारी नजूल भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को मलबे में तब्दील कर दिया। इसके साथ ही दो अन्य बड़े कब्जों को हटाते हुए लगभग 700 वर्गफीट शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया।
दुष्कर्म के आरोपी पर आर्थिक चोट
गुरू गोविन्द सिंह वार्ड क्रमांक 29 के अंतर्गत आने वाले झंडा चौक पंडरी क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। नाबालिग के साथ हैवानियत के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी ने शासकीय नजूल भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया था। निगम आयुक्त श्री विश्वदीप और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह के तालमेल से हुई इस कार्रवाई में आरोपी को पहले नियमानुसार तीन नोटिस जारी किए गए थे। समयावधि बीतने के बाद आज सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी (JCB) मशीन लगाकर अवैध मकान को ढहा दिया गया।
याकुब और मुन्नवर खान के कब्जे भी हुए ध्वस्त
प्रशासन का डंडा केवल दुष्कर्म के आरोपी पर ही नहीं, बल्कि सरकारी जमीन दबाए अन्य लोगों पर भी चला। इसी क्षेत्र में याकुब खान और मुन्नवर खान द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को भी नोटिस देने के बाद जमींदोज कर दिया गया। नगर निगम जोन-3 की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 3 मकानों को तोड़ा। इस अभियान के जरिए शासन ने लगभग 700 वर्गफीट की बेशकीमती शासकीय नजूल भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है।
अधिकारियों की मौजूदगी में चला 'पीला पंजा'
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार संचालित इस अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान रायपुर तहसीलदार श्री दीवान और जोन-3 कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहीं। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जोन-3 के कार्यपालन अभियंता श्री सुशील मोडेस्टस, सहायक अभियंता श्री नरेश साहू और उप अभियंता श्री अक्षय भारद्वाज सहित नगर निवेश उड़न दस्ता और पुलिस प्रशासन का बड़ा बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति को संभाला जा सके।
अपराधियों को महापौर की दो टूक
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायपुर शहर में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि "अपराधियों के अवैध निर्माणों को चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।" इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है, जिससे क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है।








