Breaking

रायपुर: मौदहापारा संडे बाजार में 'टीम प्रहरी' का एक्शन; सड़क जाम करने वाले 20 ठेलों को हटाया, टेबल-पलंग समेत भारी सामान जब्त

Chhattisgarh RRT News Desk 22 February 2026

post

रायपुर: राजधानी की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने और यातायात को सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम का 'टीम प्रहरी' अभियान आज पूरे उफान पर रहा। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार, आज मौदहापारा स्थित प्रसिद्ध संडे बाजार (रविवार बाजार) के मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की गई।

Advertisement

बार-बार समझाइश और कड़ी हिदायत के बावजूद सड़क पर कब्जा जमाए रखने वाले फेरी वालों और दुकानदारों पर सख्ती बरतते हुए निगम की टीम ने लगभग 10 टेबल, पलंग और अन्य सामानों को जब्त कर लिया। साथ ही मार्ग बाधित कर रहे 20 से अधिक ठेलों को हटवाकर रास्ता साफ कराया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप और यातायात एसपी श्री अजय कुमार के निर्देश पर नगर निगम जोन-2 के कमिश्नर श्री संतोष पाण्डेय, नगर निवेशक श्री आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता श्री आशुतोष सिंह और श्री पी. डी. धृतलहरे सहित यातायात पुलिस और मौदहापारा पुलिस का भारी बल मौके पर तैनात रहा।

सख्ती का असर:

अभियान के दौरान उड़नदस्ता टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क पर सामान रखने या कब्जा करने की स्थिति में सामान की जब्ती की जाएगी और इसके लिए कब्जाधारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। इस कार्रवाई के बाद मौदहापारा संडे बाजार मार्ग का यातायात पूरी तरह सुव्यवस्थित और सुगम हो गया, जिससे रविवार को बाजार आने वाले हजारों आम जनों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिली।

You might also like!