रायपुर: नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार शहर में स्वच्छता मानकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में जोन 2 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित 'होटल रायपुर इन' का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई गंदगी से संबंधित एक जनशिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए की गई। निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में भारी गंदगी पाई गई, जिससे स्वच्छता नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही और जोन 2 कमिश्नर डॉ. आर.के. डोंगरे के मार्गदर्शन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री रवि लावनिया ने स्वच्छता दीदियों के साथ मिलकर इस अभियान को अंजाम दिया। टीम ने पाया कि होटल प्रबंधन द्वारा कचरे का सही निपटान नहीं किया जा रहा था, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पाया कि होटल के खिलाफ मिली शिकायत पूरी तरह सही थी।
लापरवाही बरतने पर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाते हुए 'होटल रायपुर इन' के संचालक पर 5000 रुपये का जुर्माना ठोंका है। साथ ही, प्रबंधन को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि पुनः गंदगी पाई गई तो होटल के खिलाफ और भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निगम की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और यात्रियों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।








