राजधानी रायपुर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। आज नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेश और जोन 6 कमिश्नर श्री हितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार, भाठागांव के भर्रीखार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। यहाँ लगभग 1 एकड़ निजी भूमि पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिना किसी अनुमति के अवैध प्लाटिंग का काम किया जा रहा था। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम जोन 6 के नगर निवेश विभाग की टीम ने स्थल पर अवैध रूप से बिछाई गई मुरूम सड़क को जेसीबी मशीन की सहायता से पूरी तरह उखाड़ दिया। सड़क को कई जगहों से काटकर आवागमन को बाधित कर दिया गया, ताकि वहां किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित न हो सके। इस कार्रवाई के माध्यम से प्रशासन ने भू-माफियाओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि बिना टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की अनुमति के किया गया कोई भी कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता श्री आशीष श्रीवास्तव और उपअभियंता श्री सागर ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात कब्जाधारियों के खिलाफ जांच की जा रही है और अवैध प्लाटिंग पर भविष्य में भी इसी तरह की 'कारगर रोक' जारी रहेगी। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी जमीन को खरीदने से पहले उसके वैध दस्तावेजों की जांच अवश्य करें।








