छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुरानी और प्रतिष्ठित मिठाई दुकान 'नैवेद्य स्वीट्स' (Naivedya Sweets) विवादों के घेरे में आ गई है। प्रदेश सचिव फहीम शेख और रायपुर उत्तर विधानसभा अध्यक्ष नवाज खान ने प्रतिष्ठान में भारी गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन का आरोप लगाया है। नेताओं का दावा है कि दुकान के भीतर स्वच्छता की स्थिति इतनी खराब है कि यह सीधे तौर पर आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि मिठाइयां, बेकरी उत्पाद और अन्य खाद्य सामग्रियां बिना किसी ढके खुले में रखी गई थीं, जिससे उन पर धूल और गंदगी जमा हो रही थी। किचन और वर्कशॉप एरिया में भी भारी अस्वच्छता देखी गई। इस लापरवाही को देखते हुए फहीम शेख और नवाज खान ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (Food & Drug Administration) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और दुकान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश सचिव फहीम शेख ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इतने बड़े और पुराने नामी प्रतिष्ठान में इस स्तर की गंदगी बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सेहत उनके लिए प्राथमिकता है और जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, वे इस मुद्दे को छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने विभाग से मांग की है कि दुकान के सैंपल्स की तुरंत जांच कराई जाए।
वहीं, रायपुर उत्तर विधानसभा अध्यक्ष नवाज खान ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, "प्रशासन को बिना देरी किए इस पर एक्शन लेना चाहिए। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हम जनहित में सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।"
इस शिकायत के बाद राजधानी के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप मच गया है। खाद्य विभाग की टीम जल्द ही नैवेद्य स्वीट्स का औचक निरीक्षण कर सकती है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत किया है, क्योंकि त्योहारों और आम दिनों में इस दुकान पर ग्राहकों की भारी भीड़ रहती है। अब देखना यह होगा कि विभाग इस चर्चित दुकान पर क्या कार्रवाई करता है।








