रायपुर: राजधानी के रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। क्षेत्रीय विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने रमण मंदिर वार्ड क्रमांक 14 के चुनाभट्टी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के जीर्णोद्धारित नवीन भवन का भव्य लोकार्पण किया। लगभग 9 लाख रुपये की लागत से सर्वशिक्षा अभियान के तहत तैयार इस स्कूल भवन को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे क्षेत्र के बच्चों को अब बेहतर और सुविधायुक्त वातावरण में शिक्षा मिल सकेगी।
लोकार्पण समारोह के दौरान नगर निगम सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़, एमआईसी सदस्य श्री महेन्द्र खोडियार और पूर्व पार्षद प्रतिनिधि श्री मोहन एंटी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक श्री मिश्रा ने फीता काटकर स्कूल के नए स्वरूप की सौगात छात्र-छात्राओं को सौंपी। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में मौजूद विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि भवन के जीर्णोद्धार से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है, जो बच्चों के शैक्षणिक विकास में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने मंच से बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि शासकीय प्राथमिक शाला चुनाभट्टी में मिडिल स्कूल की कक्षाएं संचालित करने के लिए एक अतिरिक्त नए भवन की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने अपनी विधायक निधि मद से 10 लाख रुपये का स्वेच्छानुदान देने का एलान किया। इस घोषणा का उपस्थित जनसमूह और स्कूल प्रबंधन ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
समारोह में जोन कमिश्नर श्री संतोष पाण्डेय और कार्यपालन अभियंता श्री पी. डी. धृतलहरे सहित निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में 'शिक्षा और विकास' को प्राथमिकता दी जा रही है। स्कूल का यह नया स्वरूप न केवल छात्रों की उपस्थिति बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित भी करेगा। लोकार्पण के बाद अतिथियों ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और बच्चों से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।







_m.webp)
