RRT News - रायपुर: स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए रायपुर नगर निगम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन 5 की स्वास्थ्य टीम ने डंगनिया बाजार में औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई प्लास्टिक के उपयोग को लेकर मिली जनशिकायतों के आधार पर की गई। जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में टीम ने बाजार के विभिन्न हिस्सों में दबिश दी, जिससे दुकानदारों और फेरीवालों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फेरीवालों और दुकानदारों के पास से लगभग साढ़े 3 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद कर उसे तत्काल जप्त कर लिया। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कुल 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया और उन्हें भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण और दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कार्रवाई के साथ-साथ स्वच्छता दीदियों ने डंगनिया बाजार में जनजागरूकता अभियान भी चलाया। उन्होंने फुटकर सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों को प्रतिबंधित प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी दी। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े और जूट से बने थैलों का ही उपयोग करें। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे बाजार जाते समय अपने साथ घर से थैला लेकर निकलें, ताकि रायपुर को एक स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त शहर बनाया जा सके।








