रायपुर। राजधानी रायपुर में आम लोगों और राहगीरों को सुगम व सुव्यवस्थित यातायात की सुविधा देने के लिए प्रशासन की 'टीम प्रहरी' पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस कमिश्नर और जिला कलेक्टर के आदेशानुसार, नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत आने वाले लाखेनगर मार्ग से सुन्दर नगर मार्ग के मध्य मुख्य सड़क पर जनहित में एक बड़ा अतिक्रमणरोधी अभियान चलाया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क पर होने वाले बेतरतीब कब्जों को हटाकर राहगीरों को लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाना था।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान उड़नदस्ता और नगर निवेश की टीम ने लाखेनगर से सुन्दर नगर के बीच सड़क घेरे खड़े लगभग 6 अवैध ठेलों और गुमटियों को हटाया। इसके साथ ही दुकानों के बाहर यातायात को बाधित कर रहे लगभग 10 डमी पुतलों और 12 प्रचार बोर्डों को भी कड़ाई से जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने सड़क सीमा के भीतर व्यवसाय करने वाले सभी दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि वे भविष्य में दोबारा सड़क पर कब्जा न करें। ऐसा करने पर बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे जब्ती और आर्थिक दंड की कार्रवाई की जाएगी।
'टीम प्रहरी' के इस लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान से राजधानी रायपुर के प्रमुख और व्यस्ततम मार्गों की सूरत बदल रही है और यातायात काफी हद तक सुगम हो रहा है। रायपुर नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि यह जनहितकारी अभियान शहर के अलग-अलग जोन क्षेत्रों में निरंतर जारी रहेगा, ताकि आम जनता को रोज-रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल सके। स्थानीय रहवासियों और राहगीरों ने भी प्रशासन की इस त्वरित व सख्त कार्रवाई की सराहना की है।








