धमतरी/रायपुर: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 के परिणामों ने छत्तीसगढ़ को एक बार फिर गौरवान्वित किया है। धमतरी जिले के रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव ने अपनी मेहनत और अटूट संकल्प से वह मुकाम हासिल किया है, जिसका सपना हर युवा देखता है। वर्तमान में राज्य पुलिस सेवा में डीएसपी (DSP) के पद पर कार्यरत रहते हुए डायमंड ने यूपीएससी की परीक्षा पास की है और अब वे भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी के रूप में देश की सेवा करेंगे।
डायमंड सिंह की यह कामयाबी इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने इसे 'काम के भारी दबाव' और 'मैदानी ड्यूटी' के बीच हासिल किया है। एक पुलिस अधिकारी के रूप में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की व्यस्तता और थका देने वाली ड्यूटी के बावजूद, उन्होंने अपनी पढ़ाई के लिए समय निकाला। डायमंड बताते हैं कि उनके पास तैयारी के लिए सीमित समय होता था, लेकिन उन्होंने अनुशासन और निरंतरता (Consistency) को अपना हथियार बनाया। संघर्ष के दिनों को याद करते हुए वे कहते हैं कि लक्ष्य स्पष्ट हो तो चुनौतियां खुद-ब-खुद छोटी हो जाती हैं।
धमतरी के एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर आईपीएस बनने तक का यह सफर छत्तीसगढ़ के उन हजारों युवाओं के लिए मिसाल है, जो संसाधनों की कमी या नौकरी के दबाव को अपनी असफलता का कारण मानते हैं। डायमंड की सफलता पर पूरे जिले में जश्न का माहौल है और उनके परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनकी यह कहानी साबित करती है कि यदि मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो वर्दी की जिम्मेदारी निभाते हुए भी आसमान छुआ जा सकता है।








