रायपुर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) रायपुर महानगर के प्रतिनिधि मंडल ने आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय से भेंट कर विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों में व्याप्त गंभीर एवं चिंताजनक समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा तथा शीघ्र, ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधि मंडल ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि छात्रावासों में दूषित पेयजल, स्वच्छता की घोर कमी, मेस के भोजन की निम्न गुणवत्ता, नियमित चिकित्सा सुविधाओं का अभाव तथा प्रशासनिक लापरवाही के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। हाल ही में दूषित पानी के सेवन से कई छात्राओं के बीमार पड़ने की घटनाएँ अत्यंत निंदनीय एवं प्रशासन की विफलता को दर्शाती हैं।
परिषद द्वारा ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखी गईं—
समस्त छात्रावासों एवं विश्वविद्यालय परिसर में निःशुल्क एवं सुचारु वाई-फाई सुविधा सुनिश्चित की जाए। छात्र-छात्राओं को शासकीय छात्रवृत्ति एवं छात्रावास संबंधी योजनाओं से वंचित न किया जाए।
शौचालयों, स्नानगृहों एवं सामूहिक स्थलों की नियमित, समुचित एवं वैज्ञानिक सफाई व्यवस्था लागू की जाए। छात्राओं के लिए निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरण तथा सभी छात्रावासों में सेनेटरी वेंडिंग मशीन स्थापित की जाए।
पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच, वॉटर फिल्टर की समय-समय पर सफाई एवं आवश्यकतानुसार नए फिल्टर लगाए जाएँ। मेस की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता एवं पौष्टिक आहार की मात्रा में तत्काल सुधार किया जाए। छात्रावास कर्मचारियों में अनुशासन सुनिश्चित हो तथा वार्डन द्वारा छात्राओं से संवेदनशील, मर्यादित एवं शालीन व्यवहार किया जाए। पंडित जी प्रोफेशनल गर्ल्स हॉस्टल की जर्जर इमारत की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। पीलिया से पीड़ित छात्राओं के संपूर्ण उपचार एवं दवा व्यय की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन वहन करे।
छात्रावासों में नियमित एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास के समीप स्थित बायोगैस प्लांट से उत्पन्न दुर्गंध के स्थायी निराकरण हेतु तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएँ।
इस अवसर पर ABVP रायपुर महानगर की सह मंत्री हर्षित कौर ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा
विद्यार्थियों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। यदि छात्रावासों में स्वच्छ जल, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं अस्वीकार्य है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रशासन से अपेक्षा करती है कि सभी मांगों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ठोस कार्रवाई की जाए। अन्यथा ABVP छात्रहित में चरणबद्ध एवं व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया कि संगठन छात्र-छात्राओं के अधिकारों, स्वास्थ्य एवं सम्मान की रक्षा हेतु सदैव प्रतिबद्ध है तथा समस्याओं के स्थायी समाधान तक अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगा।








